स्कॉर्पियो से आए बदमाश 5 मिनट में उखाड़ ले गए SBI का ATM, आखिर मुजफ्फरपुर पुलिस कहां थी?
मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र के मड़वन चौक पर तड़के करीब 4 बजे स्कॉर्पियो से पहुंचे बदमाशों ने SBI का एटीएम उखाड़कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आशंका है कि एटीएम में लाखों रुपये कैश थे। लगातार हो रही एटीएम चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत है और पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल उठ रहे हैं।
मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। गश्ती पुलिस को मानो खुली चुनौती देते हुए बदमाशों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम को ही उखाड़कर अपने साथ लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह स्कॉर्पियो से पहुंचे बदमाशों ने बेखौफ होकर इस घटना को अंजाम दिया।
दरअसल, मामला मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के मड़वन चौक का है, जहां मुख्य सड़क किनारे स्थित SBI के एटीएम को निशाना बनाया गया। जानकारी के मुताबिक, तड़के करीब 4 बजे एक स्कॉर्पियो से कुछ बदमाश वहां पहुंचे। इसके बाद उन्होंने तेजी से एटीएम मशीन को उखाड़ा और उसे गाड़ी में लादकर मौके से फरार हो गए।
आशंका जताई जा रही है कि जिस एटीएम को बदमाश अपने साथ ले गए, उसमें लाखों रुपये कैश मौजूद थे। हालांकि एटीएम में कितनी राशि थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। लेकिन जिस तरह से मुख्य सड़क पर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया, उसने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर-छपरा मुख्य मार्ग पर स्थित इस इलाके में रात भर वाहनों का आवागमन होता रहता है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब इतनी हलचल वाली सड़क पर यह वारदात हो रही थी, तब स्थानीय पुलिस कहां थी।
बता दें कि यह पहली घटना नहीं है। हाल के दिनों में सदर थाना क्षेत्र के कच्ची-पक्की चौक पर भी लग्जरी कार से आए चोरों ने एटीएम को काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। लगातार हो रही एटीएम चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

