दोस्त के साथ बाइक पर जा रहे युवक को बदमाशों ने रोका, फिर पेट में मारी गोली… भागलपुर में देर रात सनसनीखेज हत्या

भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र में देर रात बाइक सवार बदमाशों ने 35 वर्षीय ऋषभ झा को गोली मार दी। दोस्त के साथ बाइक से जा रहे ऋषभ को पेट में गोली लगी, जिसके बाद मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दोस्त के साथ बाइक पर जा रहे युवक को बदमाशों ने रोका, फिर पेट में मारी गोली… भागलपुर में देर रात सनसनीखेज हत्या

बिहार के भागलपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। पीरपैंती थाना क्षेत्र के त्रिमोहन चौक के पास देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

मृतक की पहचान शेरमारी बाजार निवासी 35 वर्षीय ऋषभ झा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात ऋषभ झा अपने दोस्त सौरभ उर्फ मयंक के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। सौरभ पेशे से प्रॉपर्टी डीलर बताए जा रहे हैं।

इसी दौरान जब दोनों त्रिमोहन चौक के पास पहुंचे, तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां आ पहुंचे। बदमाशों ने बाइक चला रहे सौरभ को रुकने का इशारा किया।

बताया जा रहा है कि सौरभ ने बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी बीच बदमाशों ने पीछे बैठे ऋषभ झा को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली सीधे ऋषभ के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद सौरभ ने तुरंत अपने सहयोगियों को सूचना दी। इसके बाद घायल ऋषभ को आनन-फानन में भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि उनकी हालत बेहद गंभीर थी और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पीरपैंती थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।