मोहब्बत से मुकदमे तक: सात साल तक शादी का झांसा, पांचवीं बार गर्भवती होने पर महिला बेघर
दय्यान खान
दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 25 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक ने 2019 से उसे शादी का भरोसा देकर अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रखा और इस दौरान कई बार वह गर्भवती हुई।
पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकात 2019 में एक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर में हुई थी, जहां दोनों गार्ड के तौर पर काम करते थे। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक ने प्यार का इजहार करते हुए शादी का वादा किया। इसी भरोसे पर दोनों साथ रहने लगे और पति-पत्नी की तरह जिंदगी बिताने लगे।
महिला का आरोप है कि इस दौरान वह चार बार गर्भवती हुई, लेकिन हर बार आरोपी ने दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता का कहना है कि अल्ट्रासाउंड के बाद लड़की होने की आशंका बताकर जबरन अबॉर्शन कराया गया। फिलहाल वह पांचवीं बार गर्भवती है और लगभग पांच महीने का गर्भ है। अबॉर्शन कराने से इनकार करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि 22 फरवरी की रात आरोपी नशे की हालत में कमरे पर आया और गर्भपात कराने को लेकर विवाद करने लगा। जब उसने मना किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और देर रात उसे कमरे से बाहर निकाल दिया। जब वह आरोपी के घर रहने के लिए गई तो वहां उसके माता-पिता और परिवार वालों ने भी उसे मारपीट कर भगा दिया और यह कहकर घर में रखने से इनकार कर दिया कि वह उनकी जाति की नहीं है।
पीड़िता ने बताया कि पहले भी उसने महिला थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उसने दरभंगा के एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश के बाद लहेरियासराय महिला थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए उसे डीएमसीएच भेजा है।
महिला थानाध्यक्ष मनीषा कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

