भारत–न्यूजीलैंड फाइनल से पहले पाकिस्तानी दिग्गजों की भविष्यवाणी: भारत बनेगा टी20 वर्ल्ड कप 2026 का विजेता?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने हैं। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज राशिद लतीफ और बासित अली ने भारत के पक्ष में भविष्यवाणी की है, वहीं मोहम्मद आमिर ने न्यूजीलैंड की जीत का अनुमान लगाया है। अब फैंस की निगाहें फाइनल पर टिकी हैं कि आखिर किसकी भविष्यवाणी सही साबित होगी।
भारत और न्यूजीलैंड आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दोनों टीमों के बीच आज शाम अहमदाबाद में टी20 महाकुंभ की खिताबी टक्कर होने जा रही है जिस पर न सिर्फ भारत और न्यूजीलैंड बल्कि पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के 10वें एडिशन के ग्रैंड फिनाले से ठीक पहले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट दिग्गजों ने बड़ी भविष्यवाणी की है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज राशिद लतीफ ने फाइनल मैच को लेकर कहा है कि इस बार खिताब भारत ही जीतेगा। जब उनसे फाइनल के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने साफ शब्दों में भारत का समर्थन किया और जीत की उम्मीद जताई। यह सुनकर भारतीय फैंस खुश हैं वहीं पाकिस्तानी फैंस के लिए यह थोड़ी चौंकाने वाली खबर हो सकती है।
इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने लगातार भारत के खिलाफ अपने बयान दिए थे। उन्होंने पहले कहा था कि टीम इंडिया सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचेगी लेकिन उनका यह दावा गलत साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने टीम इंडिया की सेमीफाइनल हार का अनुमान लगाया जो की सही नहीं निकला। अब आमिर ने फाइनल के बारे में कहा कि न्यूजीलैंड खिताब जीत सकती है।
वहीं भारत और न्यूजीलैंड मुकाबले से पहले पाकिस्तानी पूर्व दिग्गज क्रिकेटर बासित अली ने भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा, फाइनल कौन जीतेगा? यह किसी को भी नहीं पता। जो टीम अच्छा खेलेगी वही फाइनल जीतेगी। अपने यूट्यूब चैनल क्रिकेट इनसाइट विथ बासित अली पर बातचीत करते हुए उन्होंने आगे कहा कि अहमदाबाद का ग्राउंड भारतीय टीम के लिए लकी नहीं होने की बात बेकार है। उनका मानना है रिकॉर्ड बनते ही हैं टूटने के लिए। ऐसी बातें केवल अफवाह हैं।
अब फैंस और विशेषज्ञों की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं कि आखिर किसकी भविष्यवाणी सही साबित होती है राशिद लतीफ और बासित अली की भारत जीतने वाली भविष्यवाणी या मोहम्मद आमिर की न्यूजीलैंड खिताब जीतने वाली भविष्यवाणी।

