शिवम दुबे: शोर-शराबे के बिना मैच पलटने वाला भारत का साइलेंट हीरो।
शिवम दुबे ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के लिए चुपचाप लेकिन प्रभावी ढंग से योगदान दिया है जिसकी वजह से उन्हें साइलेंट मैच विनर कहा जा रहा है। दबाव वाली स्थितियों में जब विकेट गिरते हैं तब दुबे अपनी शांत मानसिकता, पावर-हिटिंग और ऑलराउंड क्षमता से मैच का रुख पलट देते हैं।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की शानदार परफॉर्मेंस में बड़े सितारे तो सुर्खियां बटोर रहे हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो चुपचाप अपना काम करते हैं और मैच का रुख पूरी तरह बदल देते हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम है शिवम दुबे का जिन्हें अब क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स साइलेंट मैच विनर और साइलेंट पावर हिटर कहकर पुकार रहे हैं।
टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में नामीबिया के खिलाफ भारत 124/4 पर मुश्किल में था। दुबे ने नंबर 6 पर आकर 16 गेंदों में 23 रन बनाए जो टीम को संभालने और आगे बढ़ाने में अहम साबित हुए। पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने 17 गेंदों में 27 रन ठोके (स्ट्राइक रेट 158+), मिडिल ऑर्डर को स्थिरता दी और टीम को संकट से बाहर निकाला। लेकिन नीदरलैंड्स के खिलाफ उनका प्रदर्शन तो यादगार रहा मुश्किल शुरुआत (पहली 11 गेंदों में सिर्फ 6 रन) के बाद उन्होंने एक्सेलरेट किया और मात्र 31 गेंदों में 66 रन बनाए जिसमें 4 चौके और 6 धमाकेदार छक्के शामिल थे। स्ट्राइक रेट 213 से ज्यादा! इस पारी ने भारत को मजबूत टोटल तक पहुंचाया और 17 रनों से जीत दिलाई।
सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी दुबे ने कमाल दिखाया। नंबर 4 पर प्रमोट होकर उन्होंने 25 गेंदों में 43 रन बनाए (1 चौका, 2 छक्के) जो भारत को 253 के विशाल स्कोर तक ले गए। इसके अलावा उन्होंने फाइनल ओवर गेंदबाजी की जिम्मेदारी भी निभाई और टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। नर्वस होने के बावजूद उन्होंने खुद पर भरोसा रखा और मैच जिताने वाली गेंदबाजी की।
दुबे सिर्फ बल्ले से ही नहीं गेंद से भी योगदान दे रहे हैं। कुछ मैचों में उन्होंने महत्वपूर्ण ओवर फेंके और विकेट भी चटकाए, भले ही कभी कभी महंगे साबित हुए हों। उनकी ऑलराउंड क्षमता ने कप्तान को आखिरी ओवर जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का भरोसा दिया है। याद रहे 2024 वर्ल्ड कप फाइनल में भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 16 गेंदों में 27 रन बनाकर भारत को 176 तक पहुंचाने में मदद की थी जो जीत का आधार बनी।
इस टूर्नामेंट में दुबे ने 200+ रन बनाए हैं औसत करीब 35 और स्ट्राइक रेट 160 के आसपास। साथ ही 15 छक्के जड़े हैं। ये आंकड़े टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के बराबर हैं। रवि शास्त्री जैसे दिग्गज भी उनकी बड़ी स्टेज पर परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में उनकी लगातार क्लच परफॉर्मेंस ने उन्हें टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर का सबसे भरोसेमंद और अंडररेटेड खिलाड़ी बना दिया है। फैन्स उन्हें साइलेंट पावर हिटर कह रहे हैं जो दबाव में भी शांत रहकर बड़े शॉट्स खेलते हैं।

