विधानसभा में तकरार: नीतीश कुमार और भाई वीरेंद्र के बीच तीखी नोंकझोंक
उफ़क साहिल
पटना, बिहार। बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बीच तीखी बहस छिड़ गई। सदन की कार्यवाही के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भाई वीरेंद्र को अपनी सीट पर बैठने का निर्देश दिया, लेकिन वे लगातार अपनी बात रखते रहे।
मुख्यमंत्री ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा, “जब आप बोलते हैं तो हम शांत रहकर सुनते हैं। आज जब हम बोल रहे हैं तो आप बीच में बोल रहे हैं, ये कोई तरीका है? बेमतलब की बात मत करिए।” इस बयान के बाद कुछ देर तक सदन में हंगामे की स्थिति बनी रही।
विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर सवाल उठाए, जबकि सत्ता पक्ष ने मुख्यमंत्री के समर्थन में आवाज बुलंद की। अध्यक्ष को कई बार हस्तक्षेप कर व्यवस्था बहाल करनी पड़ी।
इस सत्र में कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं और हाल की घटनाओं को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए, वहीं मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए विपक्ष पर अनावश्यक व्यवधान डालने का आरोप लगाया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो सकता है।
What's Your Reaction?

