Kaimur News: चाँद व मोहनिया में डीएम ने किया स्थल निरीक्षण, डेयरी फार्म सहित कई परियोजनाओं की प्रगति पर नजर!
अरशी नाज़
कैमूर के जिला पदाधिकारी ने चाँद एवं मोहनिया प्रखंड के विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया गया।
कृषि फार्म में सुधार के निर्देश
चाँद प्रखंड मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर उत्तर, चाँद–बराढी पथ पर स्थित कृषि फार्म का निरीक्षण किया गया। फार्म कार्यालय में सीसीटीवी कैमरा लगाने, खेतों में उगी झाड़ियों व घास की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त मुख्य सड़क से बाहर स्थित गेट पर सूचना पट्ट लगाने, मनरेगा के तहत मुख्य सड़क से फार्म कार्यालय तक इंटरलॉकिंग पथ निर्माण तथा गेट के दोनों ओर वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।
पंचायत सरकार भवन व पैक्स गोदाम की समीक्षा
चाँद पंचायत में निर्मित पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण करते हुए संवेदक को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। भवन के सामने प्रस्तावित विवाह मंडप को एक ओर विकसित करने को कहा गया, ताकि परिसर में पार्किंग और खेलकूद के लिए पर्याप्त स्थान सुरक्षित रह सके।
पैक्स गोदाम तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया, जिससे आवागमन सुचारु हो सके।
भेरी तालाब के सौंदर्यीकरण पर जोर
भेरी तालाब का निरीक्षण करते हुए ग्राम पंचायत के मुखिया को तालाब की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायत समिति से प्रस्ताव लाकर जनोपयोगी संरचनाओं के निर्माण और सौंदर्यीकरण की योजना तैयार करने को कहा गया।
मोहनिया में प्रस्तावित डेयरी फार्म स्थल का निरीक्षण
मोहनिया प्रखंड अंतर्गत दादर में प्रस्तावित डेयरी फार्म निर्माण स्थल का भी जायजा लिया गया। इस दौरान भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।
उन्होंने कहा कि डेयरी फार्म की स्थापना से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित होंगे और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
निरीक्षण के अंत में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
What's Your Reaction?

