श्रीलंका के पास ईरानी युद्धपोत डूबा, अमेरिका पर हमले का दावा; पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा
श्रीलंका के पास ईरानी जंगी जहाज़ डूबने की घटना के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने हमले की पुष्टि की है, जबकि ईरान ने होरमुज़ जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का दावा किया है। इज़राइल ने ईरान और लेबनान में हमले तेज किए हैं। भारत ने भी क्षेत्र में फंसे नागरिकों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
नवीदुल हसन
श्रीलंका के पास ईरानी जंगी जहाज़ डूबा, अमेरिका पर हमले का दावा
ईरान और Israel के बीच जारी युद्ध के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। श्रीलंका के तट के पास ईरान का एक युद्धपोत समुद्र में डूब गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार United States सेना ने श्रीलंका की समुद्री सीमा के बाहर ईरानी जहाज़ पर हमला किया, जिसके बाद वह डूब गया।
श्रीलंका के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 32 ईरानी नाविकों को सुरक्षित बचाया गया है। इनमें कई गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज गाले के करापिटिया अस्पताल में चल रहा है। बचाव अभियान के दौरान समुद्र से कुछ शव भी बरामद किए गए हैं।
डूबे जहाज़ की पहचान ईरान के फ्रिगेट IRIS Dena के रूप में हुई है। जहाज़ पर मौजूद कर्मियों का कहना है कि डूबने से पहले जोरदार विस्फोट हुआ था। यह घटना अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में, श्रीलंका की समुद्री सीमा से कुछ दूरी पर हुई।
इस बीच ईरान और Israel के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। ईरान ने दावा किया है कि उसने रणनीतिक तेल मार्ग Strait of Hormuz पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। यह जलमार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। दूसरी ओर, इज़राइल ने ईरान पर नए हवाई हमले किए हैं और लेबनान में भी अपनी सैन्य कार्रवाई बढ़ा दी है। दक्षिणी लेबनान के खियाम शहर में इज़राइली सेना के प्रवेश की खबर है, जहां ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह लड़ाकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
उधर, ईरान के सर्वोच्च नेता Ayatollah Ali Khamenei की अमेरिकी-इज़राइली हमलों में मौत की खबर के बाद देश में शोक का माहौल है। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को प्रस्तावित था, लेकिन भारी भीड़ की आशंका के कारण उसे स्थगित कर दिया गया। सरकारी मीडिया के मुताबिक, नए सर्वोच्च नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं इज़राइल के रक्षा मंत्री ने चेतावनी दी है कि नए नेतृत्व को भी निशाना बनाया जा सकता है।

