न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी के फैसले से इजरायल नाराज़, बयानबाजी तेज
रेहान फ़ज़ल
न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर जोहरान ममदानी ने पद संभालते ही ऐसा फैसला लिया है, जिससे इजरायल सरकार भड़क गई है। ममदानी ने पूर्व मेयर द्वारा जारी किए गए दो अहम आदेशों को रद्द कर दिया, जिनका मकसद शहर की एजेंसियों को इजरायल के बहिष्कार से रोकना और कुछ आलोचनाओं को एंटीसेमिटिक (यहूदी विरोधी) मानना था।
इन आदेशों के रद्द होते ही इजरायल सरकार ने ममदानी पर सीधे तौर पर एंटीसेमिटिज्म को बढ़ावा देने का आरोप लगा दिया। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि न्यूयॉर्क के नए मेयर ने पहले ही दिन अपना “असल चेहरा” दिखा दिया है। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि ममदानी ने यहूदी विरोधी गतिविधियों की अंतरराष्ट्रीय परिभाषा (IHRA) को हटाकर इजरायल के बहिष्कार से जुड़ी पाबंदियां समाप्त कर दीं।
हालांकि, ममदानी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपने फैसले का बचाव किया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि शहर के कई यहूदी संगठनों ने भी इन आदेशों को लेकर चिंता जताई थी। ममदानी के मुताबिक, मेयर के पास मौजूदा आदेशों को बनाए रखने, बदलने या रद्द करने का अधिकार होता है और उन्होंने वही किया जो उन्हें व्यावहारिक और न्यायसंगत लगा।
34 वर्षीय जोहरान ममदानी खुद को एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट बताते हैं। उनका कहना है कि वह न्यूयॉर्क में यहूदियों समेत सभी समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, लेकिन ऐसे तरीकों से जो वास्तव में कारगर हों। ममदानी का सबसे बड़ा चुनावी वादा अमेरिका के सबसे महंगे शहरों में गिने जाने वाले न्यूयॉर्क में आम लोगों के जीवन-यापन के खर्च को कम करना रहा है।
What's Your Reaction?

