मामूली विवाद में प्याज कारोबारी की गोली मारकर हत्या, भाई गंभीर
पटना के मुसल्लहपुर में आधी रात बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग कर प्याज कारोबारी सोनू की हत्या कर दी। उनके भाई आकाश गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में बुधवार (25 फरवरी) देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाइक सवार अपराधियों ने प्याज कारोबारी सोनू को कनपटी पर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में सोनू के भाई आकाश को भी पीछे की ओर गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। आकाश का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने चार से पांच राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किए गए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि मामूली विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?

