बिहार की राजनीति से नीतीश कुमार का बड़ा फैसला, मुख्यमंत्री पद छोड़ राज्यसभा जाने का ऐलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग रहेगा और वे आगे भी बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की राजनीति से एक बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा जाने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि उनका लंबे समय से सपना रहा है कि वे बिहार विधानसभा और संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनें।
नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा जताया है और उसी विश्वास के बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा से राज्य की सेवा की है। उन्होंने जनता के समर्थन के लिए आभार भी जताया।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा सदस्य बनने की उनकी इच्छा लंबे समय से थी और इस बार होने वाले चुनाव में वे इसके लिए प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को बड़ी जीत मिली थी और नवंबर में उन्होंने रिकॉर्ड दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब उनके राज्यसभा जाने के फैसले के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा के नेता सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय संभावित दावेदारों में शामिल माने जा रहे हैं। वहीं, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के भी जल्द सक्रिय राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

