बीएमसी में बीजेपी की बड़ी जीत, मुंबई को मिलेगा महिला मेयर
सबा फिरदौस
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज कर बहुमत हासिल कर लिया है। इस जीत के बाद अब सबकी नजर मुंबई के मेयर चुनाव पर टिकी हुई है। मेयर पद के आरक्षण की घोषणा होते ही राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं और मुकाबला और रोचक हो गया है।
इस बार मुंबई का मेयर पद सामान्य वर्ग की एक महिला के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण लॉटरी के चलते कई वरिष्ठ नेताओं की दावेदारी कमजोर पड़ गई है, जबकि नए और अपेक्षाकृत युवा चेहरों के लिए अवसर खुला है।
227 सदस्यीय बीएमसी में बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) ने 29 सीटें जीती हैं। गठबंधन ने 114 का बहुमत आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मेयर बीजेपी का होगा या शिंदे गुट की शिवसेना का।
बीजेपी के भीतर मेयर पद को लेकर मंथन तेज हो गया है। घाटकोपर के वार्ड 132 से दूसरी बार चुनाव जीतने वाली ऋतु तावड़े (53) को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। गुजराती बहुल क्षेत्र से उनकी जीत उनकी लोकप्रियता और पार्टी में मजबूत पकड़ को दर्शाती है।
महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में से 15 में महिला मेयर का रास्ता साफ हो चुका है, जिसमें मुंबई भी शामिल है। अब सबकी नजर बीजेपी नेतृत्व और गठबंधन के अंतिम फैसले पर टिकी है, जो तय करेगा कि मुंबई का अगला मेयर कौन होगा।
What's Your Reaction?

