NEET UG 2026: आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी, अब 11 मार्च तक भर सकेंगे फॉर्म

NEET UG 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 11 मार्च कर दी गई है। पहले यह तारीख 8 मार्च थी। अब छात्र 11 मार्च रात 9 बजे तक फॉर्म भर सकते हैं और उसी दिन रात 11:50 बजे तक फीस जमा कर सकते हैं। यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसके जरिए MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स में प्रवेश मिलता है।

NEET UG 2026: आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी, अब 11 मार्च तक भर सकेंगे फॉर्म

अमीर हमज़ह 

मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना देखने वाले लाखों छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 11 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 8 मार्च तय की गई थी।

दरअसल पिछले कुछ दिनों से कई छात्र सोशल मीडिया और अलग-अलग मंचों पर यह शिकायत कर रहे थे कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान उन्हें तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ छात्रों का कहना था कि वेबसाइट पर ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से फॉर्म सही से सबमिट नहीं हो पा रहा था, जबकि कई छात्र दस्तावेज़ अपलोड करने और फीस जमा करने में परेशानी की बात कह रहे थे। ऐसे में बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की थी।

छात्रों की इन समस्याओं को देखते हुए NTA ने आवेदन की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला किया। नई समय सीमा के मुताबिक उम्मीदवार 11 मार्च की रात 9 बजे तक आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा उसी दिन रात 11:50 बजे तक रखी गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर फॉर्म भरना होगा।

NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा मानी जाती है। इसी परीक्षा के आधार पर देश भर के मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स में दाखिला दिया जाता है। हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं, जिसकी वजह से आवेदन के दौरान वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक भी देखने को मिलता है।

अब जब आवेदन की तारीख बढ़ा दी गई है, तो जिन छात्रों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है उनके पास एक और मौका है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि उम्मीदवारों को आखिरी दिन का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।

NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा ऑफलाइन यानी पेन-पेपर मोड में होगी। ऐसे में आवेदन की नई तारीख ने उन हजारों छात्रों को राहत दी है जो अब तक किसी कारण से फॉर्म नहीं भर पाए थे।