हैदराबाद में क्रिप्टो निवेश के नाम पर 3.54 करोड़ की ठगी, सोशल मीडिया पर दोस्ती कर बुजुर्ग को बनाया शिकार
फेसबुक पर दोस्ती से शुरू हुआ साइबर ठगी का जाल। महिला बनकर ठगों ने बुजुर्ग कंसल्टेंट का भरोसा जीता। फर्जी क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवाए।
हैदराबाद में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर 66 वर्षीय कंसल्टेंट से करीब 3.54 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। यह घटना शहर के कोंडापुर इलाके की है, जिसने एक बार फिर ऑनलाइन निवेश से जुड़े खतरों को उजागर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित को फेसबुक पर ‘नव्या सर्जे’ नाम की एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। बातचीत के दौरान महिला ने धीरे-धीरे उनका भरोसा जीत लिया और बाद में व्हाट्सएप पर नियमित संपर्क शुरू हो गया।
कुछ समय बाद महिला ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में निवेश करने की सलाह दी और दावा किया कि इससे कम समय में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने जून 2024 से एक कथित क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर पैसे निवेश करना शुरू कर दिया।
शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखा, लेकिन जब करीब 1.5 करोड़ रुपये निवेश करने के बाद उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की तो उनका अकाउंट अचानक ब्लॉक हो गया। कई प्रयासों के बावजूद वह अपनी राशि वापस नहीं निकाल पाए।
कुछ महीनों बाद महिला का नंबर फिर से सक्रिय हुआ। जब पीड़ित ने संपर्क किया तो व्हाट्सएप प्रोफाइल पर किसी दूसरी महिला की तस्वीर दिखाई दी, जिसने खुद को चंडीगढ़ की अनुष्का शर्मा बताया। जांच के दौरान पीड़ित को संदेह हुआ क्योंकि अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उस व्यक्ति के अलग नाम सामने आए इंस्टाग्राम पर मनीषा और लिंक्डइन पर वह खुद को एक रियल एस्टेट कंपनी की सीनियर मैनेजर बता रही थी।
संदेह के बावजूद ठगों ने उन्हें फिर से निवेश के लिए मनाया और भारी मुनाफे का लालच दिया। भरोसा करते हुए पीड़ित ने चार किश्तों में कुल 3.54 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि वह एक बड़े साइबर गिरोह का शिकार बन चुके हैं।
इस मामले में तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी फर्जी क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की तलाश में जुटे हैं।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच करें और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।
Saba Firdous

