BCCI ने किस साल टीम इंडिया को दिया कितना इनाम? 1983 से 2026 तक इनामी राशि में बड़ा बदलाव
भारतीय क्रिकेट टीम की बड़ी जीतों पर (BCCI) समय-समय पर इनाम देता रहा है। 1983 में खिलाड़ियों को 25 हजार रुपये मिले थे, जबकि 2026 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपये के कैश प्राइज की घोषणा की गई है।
भारतीय क्रिकेट टीम की बड़ी जीतों के बाद खिलाड़ियों को सम्मानित करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) हर बड़ी उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को नकद इनाम देकर उनकी मेहनत और सफलता को सलाम करता है। समय के साथ-साथ इनामी राशि में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
साल 1983 में जब भारत ने पहली बार क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था, उस समय खिलाड़ियों को केवल 25 हजार रुपये प्रति खिलाड़ी के रूप में इनाम दिया गया था। उस दौर में यह राशि सम्मान का प्रतीक थी लेकिन आज के मुकाबले यह बहुत कम मानी जाती है। इसके बाद 2007 में भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता, तब BCCI ने पूरी टीम के लिए 12 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की थी। यह उस समय के हिसाब से एक बड़ी राशि मानी गई थी और इससे खिलाड़ियों का मनोबल भी काफी बढ़ा था।
साल 2011 में जब भारत ने वनडे वर्ल्ड कप जीता तब BCCI ने इनामी राशि को और बढ़ाते हुए करीब 39 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया। इसके बाद भारतीय क्रिकेट की लोकप्रियता और आर्थिक ताकत बढ़ती चली गई, जिसका असर इनाम की राशि में भी दिखाई दिया। साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद BCCI ने टीम इंडिया को 125 करोड़ रुपये का बड़ा कैश प्राइज दिया जिसने क्रिकेट जगत में काफी चर्चा बटोरी।
हाल ही में 2026 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद BCCI ने टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया है। यह राशि खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी। इस तरह पिछले चार दशकों में भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता के साथ-साथ BCCI द्वारा दिए जाने वाले इनाम की रकम भी लगातार बढ़ती गई है, जो आज एक रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है।

