US में ज्वालामुखी एक्टिव: 1000 फीट तक उगल रहा लावा, हाईवे पर गिरे पत्थर, कांच और राख

US Hawaii Volcano: अमेरिका के हवाई में स्थित किलाउएआ ज्वालामुखी में तेज विस्फोट के कारण 1000 फीट तक लावा निकल रहा है। राख गिरने के कारण हाईवे-11 और आसपास के कुछ इलाकों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

US में ज्वालामुखी एक्टिव: 1000 फीट तक उगल रहा लावा, हाईवे पर गिरे पत्थर, कांच और राख

अमेरिका के हवाई में स्थित किलाउएआ ज्वालामुखी में एक बार फिर तेज ज्वालामुखीय गतिविधि देखी जा रही है। यह ज्वालामुखी करीब 1000 फीट तक लावा उगल रहा है। इसके साथ ही ज्वालामुखी से निकलने वाले छोटे पत्थर और राख आसपास के इलाकों में गिर रहे हैं, जिसके कारण हवाई के बिग आइलैंड में कुछ जगहों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है।

APTN की रिपोर्ट के मुताबिक लावा निकलने का सिलसिला मंगलवार (10 मार्च 2026) की सुबह शुरू हुआ। यह दिसंबर 2024 से चल रहे इस ज्वालामुखी विस्फोट की 43वीं घटना है। वैज्ञानिकों के अनुसार अभी यह साफ नहीं है कि यह गतिविधि कितने समय तक जारी रहेगी। पहले भी कछ बार यह केवल कुछ घंटों तक चला है, जबकि कुछ घटनाएं कई दिनों तक जारी रही हैं।

स्थानीय प्रशासन ने दी चेतावनी

फिलहाल लावा हवाई वोल्केनोज नेशनल पार्क के शिखर क्रेटर के अंदर ही है और आसपास के घरों के लिए अभी खतरा नहीं बना है। हालांकि ज्वालामुखी से निकलने वाली राख और कांच जैसे छोटे कण पास के इलाकों और हाईवे-11 के कुछ हिस्सों में गिर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने पार्क के आसपास के इलाकों और हाईवे के एक हिस्से को बंद कर दिया है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों के लिए एक अस्थायी शरण स्थल (शेल्टर)  भी खोला है। नेशनल वेदर सर्विस ने लोगों को राख गिरने को लेकर सावधान रहने की चेतावनी दी है।

अधिकारियों के अनुसार ज्वालामुखी से निकलने वाला टेफ्रा आंखों, त्वचा और सांस से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकता है। यह बारिश का पानी जमा करने वाली टंकियों और सिस्टम को भी नुकसान पहुंचा सकता है, जो बिग आइलैंड के कई इलाकों में आम हैं।

किलाउएआ दुनिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक माना जाता है और यहां समय-समय पर ऐसी गतिविधियां होती रहती हैं। इसको लेकर प्रशासन अलर्ट पर है।