एडमिट कार्ड खोला तो दंग रह गया युवक… फोटो देखकर हैरान

रोहतास के एक युवक के एडमिट कार्ड में उसकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर छप गई। युवक ने भर्ती बोर्ड में शिकायत दर्ज कराई है और परीक्षा से पहले गलती सुधारने की मांग की है।

एडमिट कार्ड खोला तो दंग रह गया युवक… फोटो देखकर हैरान

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर छप गई। इस अजीब गलती को देखकर युवक खुद भी चौंक गया और अब वह इसे ठीक कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। 

जानकारी के अनुसार बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धवा गांव निवासी रितेश कुमार ने वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए आवेदन किया था। लंबे इंतजार के बाद जब भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी हुआ और उन्होंने उसे डाउनलोड किया तो देखकर दंग रह गए। एडमिट कार्ड में नाम, रोल नंबर और बाकी सभी जानकारी सही थी लेकिन फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी। 

रितेश का कहना है कि आवेदन करते समय उन्होंने अपनी सही फोटो ही अपलोड की थी और उसके सबूत भी उनके पास हैं। इस गलती के बाद उन्होंने संबंधित विभाग और भर्ती बोर्ड में शिकायत दर्ज कराते हुए जल्द सुधार की मांग की है। 

बताया जा रहा है कि सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए लिखित परीक्षा 15 मार्च को आयोजित होने वाली है और रितेश का परीक्षा केंद्र सहरसा में बनाया गया है। ऐसे में समय कम होने के कारण वह काफी परेशान हैं और चाहते हैं कि जल्द से जल्द एडमिट कार्ड की गलती ठीक की जाए ताकि उन्हें परीक्षा में बैठने में कोई दिक्कत न हो। 

यह घटना सामने आने के बाद भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।