KKR द्वारा मुस्तफिजुर रहमान की खरीद पर बवाल: देवकीनंदन ठाकुर के बाद धीरेंद्र शास्त्री की एंट्री, BCCI से की अपील
अदनान आलम
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को खरीदे जाने के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के बयान के बाद अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भी प्रतिक्रिया सामने आई है, जिससे मामला और सियासी व धार्मिक रंग लेता दिख रहा है।
धीरेंद्र शास्त्री बोले— हिंदुत्व के खिलाफ मूवमेंट चल रहा
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदुत्व के खिलाफ गतिविधियां चल रही हैं और वहां के खिलाड़ियों को इस पर अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को भी इस मामले को गंभीरता से समझना चाहिए।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “वहां मूवमेंट चल रहा है जो हिंदुत्व के खिलाफ है। वहां के खिलाड़ी को अपनी आवाज उठानी चाहिए ताकि हिंदुओं की रक्षा हो सके। BCCI को भी इस विषय पर विचार करना चाहिए।”
हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि पूरे बयान को विस्तार से पढ़ने के बाद ही अंतिम टिप्पणी की जाएगी।
देवकीनंदन ठाकुर अपने बयान पर कायम
इससे पहले कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने KKR द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ी को खरीदे जाने पर कड़ा ऐतराज जताया था। उन्होंने शाहरुख खान और टीम मैनेजमेंट को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर भारत में कोई बांग्लादेशी क्रिकेटर खेलता है, तो उसे यह नहीं भूलना चाहिए कि उसे पहचान हिंदू बहुसंख्यक समाज की वजह से मिलती है।
देवकीनंदन ठाकुर ने कहा, “हमें न शाहरुख खान से मतलब है और न उनके पार्टनर्स से। हमें सिर्फ बांग्लादेशी खिलाड़ी से मतलब है। जो लोग हीरो बना सकते हैं, वही जीरो भी बना सकते हैं।”
KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ में खरीदा
बता दें कि मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में खरीदे गए एकमात्र बांग्लादेशी क्रिकेटर हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। ऑक्शन के बाद से ही KKR को सोशल मीडिया और कुछ संगठनों की ओर से आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाने की मांग भी कर रहे हैं।
खेल से बाहर जाता विवाद
यह विवाद अब क्रिकेट से आगे बढ़कर धार्मिक और राजनीतिक बहस का रूप लेता जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले पर BCCI, KKR मैनेजमेंट और खुद खिलाड़ी की प्रतिक्रिया अहम मानी जा रही है।
What's Your Reaction?

