रील के जुनून ने पहुंचाया मौत के करीब, ट्रेन से गंगा में गिरी छात्रा
पटना से बेगूसराय लौटते समय ट्रेन के गेट पर बना रही थी वीडियो राजेंद्र सेतु पार करते वक्त बिगड़ा संतुलन, गंगा में जा गिरी छात्रा किनारे मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों ने तुरंत बचाया गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
बिहार के मोकामा में रील बनाने के दौरान एक छात्रा ट्रेन से गंगा नदी में गिर गई। यह घटना उस समय हुई जब छात्रा पटना से परीक्षा देकर अपने घर बेगूसराय लौट रही थी। गनीमत रही कि गंगा किनारे मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, बेगूसराय जिले के बाघी की रहने वाली साक्षी कुमारी मंगलवार को पटना में परीक्षा देने आई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद वह अपने भाई सौरभ कुमार के साथ राज्यरानी एक्सप्रेस ट्रेन से घर लौट रही थी। इसी दौरान वह ट्रेन की बोगी के गेट पर खड़ी होकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगी।
जब ट्रेन मोकामा के हाथीदह इलाके में राजेंद्र सेतु से गुजर रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गंगा नदी में जा गिरी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के वक्त गंगा किनारे कुछ मछुआरे मछली पकड़ रहे थे और पास ही पुल निर्माण कंपनी के कर्मचारी काम कर रहे थे। छात्रा को नदी में गिरते देख उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी और नाव के सहारे उसे बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
इसके बाद छात्रा को पुल निर्माण कंपनी की एंबुलेंस से मरांची स्थित महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसे चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा रील बनाने के दौरान असंतुलित होकर नदी में गिर गई थी। फिलहाल वह सदमे में है और ठीक से बात नहीं कर पा रही है।
यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने का जुनून कई बार खतरनाक साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी जगहों पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, जहां छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
Saba Firdous

