रसोई गैस सिलेंडर महंगा, 1 साल बाद बढ़े दाम; 900 रुपये के पार पहुंची कीमत
देश में एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। 7 मार्च 2026 से घरेलू सिलेंडर (14.2 किग्रा) 60 रुपये महंगा होकर कई शहरों में 900 रुपये के पार पहुंच गया है। वहीं कमर्शियल सिलेंडर के दाम में भी करीब 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
देश में एक बार फिर रसोई गैस के दाम बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ने की संभावना है। तेल विपणन कंपनियों ने 7 मार्च 2026 से एलपीजी सिलेंडर की नई दरें लागू कर दी हैं। करीब एक साल बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के बाद कई बड़े शहरों में 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर 900 रुपये के पार पहुंच गया है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये का हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये प्रति सिलेंडर तय की गई है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली के बराबर 913 रुपये हो गई है।
इसके साथ ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये, मुंबई में 1835 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये का हो गया है।
पिछली बार 11 महीने पहले बढ़े थे दाम
इंडियन ऑयल के आंकड़ों के मुताबिक, 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलेंडर की कीमत में पिछली बार 8 अप्रैल 2025 को बढ़ोतरी की गई थी। उस समय कीमत में 50 रुपये का इजाफा हुआ था। यह 30 अगस्त 2023 के बाद से इस श्रेणी के सिलेंडर की सबसे अधिक कीमत मानी जा रही है।
माना जा रहा है कि मध्य-पूर्व में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण यह फैसला लिया गया है। पिछले एक सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है।
Shaekh Arshi

