नए साल में पाकिस्तान का आक्रामक रुख: सेना प्रमुख आसिम मुनीर की चेतावनी, भारत का करारा पलटवार
अदनान आलम
नए साल की शुरुआत में ही पाकिस्तान ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए हैं। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने भारत का नाम लिए बिना कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर पाकिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उल्लंघन हुआ तो उसका ‘ठोस और निर्णायक’ जवाब दिया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान खुद आंतरिक अशांति, आर्थिक संकट और आतंकवाद की गंभीर चुनौती से जूझ रहा है।
जीएचक्यू में दिया सख्त बयान
पाक सेना द्वारा जारी बयान के मुताबिक, जनरल आसिम मुनीर ने रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर्स (जीएचक्यू) में बलूचिस्तान पर आयोजित 18वीं राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों से बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगा और किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।
शांति की बात, लेकिन चेतावनी भरा लहजा
आसिम मुनीर ने एक ओर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता दोहराई, वहीं दूसरी ओर चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि पाकिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का कोई भी उल्लंघन हुआ तो उस पर ‘दृढ़ और निर्णायक प्रतिक्रिया’ दी जाएगी। उनके इस बयान को भारत के खिलाफ परोक्ष धमकी के तौर पर देखा जा रहा है।
बलूचिस्तान हिंसा के लिए भारत पर आरोप
पाक सेना प्रमुख ने बिना कोई ठोस सबूत पेश किए यह दावा किया कि ‘भारत समर्थित गुट’ बलूचिस्तान में हिंसा फैला रहे हैं और विकास कार्यों को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेंगे और बलूचिस्तान में शांति बहाल की जाएगी।
भारत का पलटवार, पाकिस्तान पर गंभीर आरोप
पाकिस्तान की इस बयानबाजी के बीच भारत ने भी कड़ा रुख अपनाया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने पाकिस्तान की भूमिका को उजागर करते हुए बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ड्रोन के जरिए हथियार और गोला-बारूद पंजाब भेज रही है।
पंजाब को अशांत करने की साजिश
बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पाकिस्तान ग्रेनेड हमलों जैसी घटनाओं को बढ़ावा देकर पंजाब को ‘अत्यधिक अशांत’ राज्य के रूप में दिखाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इसे भारत के खिलाफ छेड़े गए छद्म युद्ध का हिस्सा बताया। डीजीपी के अनुसार, इस नेटवर्क के सूत्रधार उत्तरी अमेरिका, यूरोप, दक्षिण-पूर्व एशिया और खाड़ी देशों में बैठे हुए हैं।
हर साजिश नाकाम कर रही है पंजाब पुलिस
डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि सीमा पार से आईएसआई द्वारा रची जा रही हर साजिश को पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां नाकाम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य में शांति भंग करने की हर कोशिश पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं।
What's Your Reaction?

