एयर एंबुलेंस हादसा: इलाज से पहले ही गई सात लोगों की जान
खुशबू खातून
झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस 23 फरवरी की रात झारखंड के चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस में दो क्रू मेंबर और पाँच अन्य यात्री सवार थे। इनमें एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो अटेंडेंट, एक पायलट और एक सह-पायलट शामिल थे। बताया गया कि विमान का दिल्ली में अनुमानित लैंडिंग समय रात 10 बजे था, लेकिन शाम करीब 7:34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके कुछ समय बाद विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुँचे। अंधेरे और दुर्गम इलाके के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हादसे में विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी शवों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जाँच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या मौसम से जुड़ी समस्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जाँच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
What's Your Reaction?

