मुस्लिम लड़की से प्यार, टूटा रिश्ता और फिर खून... कैसे भाई बना अपनी ही बहन का ‘कातिल’
दय्यान खान
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होली के दौरान एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही जुड़वां बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जबकि मां पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना शहर की बुद्धि विहार कॉलोनी की है। आरोपी हार्दिक और उसकी जुड़वां बहन हिमशिखा गुरुग्राम में काम करते थे और होली मनाने के लिए अपने घर मुरादाबाद आए थे। शुक्रवार को जब मां नीलिमा ऑफिस गई हुई थीं, उसी दौरान हार्दिक ने घर में अकेली मौजूद बहन पर चाकू से हमला कर दिया। उसने बहन पर 40 से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने बहन के शव को कंबल में लपेटकर बिस्तर पर छिपा दिया। इसके बाद वह मां के ऑफिस पहुंचा और ‘सरप्राइज’ देने के बहाने उन्हें घर लेकर आया। घर पहुंचने के बाद जैसे ही मां ने कमरे में बेटी का शव देखा, आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने मां पर करीब छह वार किए। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
घायल मां के मुताबिक, हार्दिक का पुणे की एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। हालांकि बाद में दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया। इसके बाद हार्दिक मानसिक तनाव में रहने लगा और उसे शक था कि उसके रिश्ते के टूटने के पीछे मां और बहन का हाथ है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले गूगल में काम करता था, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर यूट्यूब पर कंटेंट बनाने लगा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

