बेगूसराय में सरकारी शिक्षक की हैवानियत: छुट्टी के दिन नाबालिग छात्रा के घर पहुंचा, दुष्कर्म की कोशिश में पकड़ा गया
बिहार के बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ने रविवार की छुट्टी के दिन अपनी 14 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी शिक्षक किताब दिखाने के बहाने छात्रा के घर पहुंचा और वहां जाकर जबरदस्ती करने लगा। छात्रा के चीखने-चिल्लाने और शोर मचाने पर वह फटे कपड़ों में रोती-बिलखती बाहर निकली, जिससे परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के अनुसार, आरोपी शिक्षक घनश्याम गोस्वामी देर शाम छात्रा के घर में घुसा और किताब दिखाने के नाम पर उसके साथ छेड़छाड़ व जबरदस्ती की कोशिश की। जैसे ही किशोरी ने विरोध किया और रोते हुए कमरे से बाहर आई, आरोपी भागने लगा। लेकिन गांव वालों ने उसे तुरंत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ चेरिया बरियारपुर थाना में कांड संख्या 48/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थाना अध्यक्ष ज्योति कुमार ने पुष्टि की कि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक घनश्याम गोस्वामी पर पहले भी स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के आरोप लग चुके हैं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह उसकी चौथी ऐसी करतूत है। पिछली बार भी समाज के कुछ लोगों के हस्तक्षेप से वह बच निकला था, लेकिन इस बार गांव वालों की सतर्कता और छात्रा के शोर से वह पकड़ा गया। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश है और लोग शिक्षक की सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मो. अतहर हुसैन ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है। संबंधित विद्यालय से आरोपी के खिलाफ स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर सरकारी स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि दोषी को कड़ी सजा मिल सके।
Saba Firdous

