मुज़फ़्फ़रपुर: कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन के बाद युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
सालेहा वसीम
मुज़फ़्फ़रपुर के पियर थाना क्षेत्र के करेला गांव में सोमवार देर रात यह घटना उस समय हुई जब सूरज को अचानक तेज खांसी की शिकायत हुई। परिवार के लोगों ने नज़दीकी गांव से एक ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने सूरज को इंजेक्शन दिया, जिसके कुछ ही मिनटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों का कहना है कि सूरज ने इंजेक्शन लगने के बाद चक्कर आने और हालत खराब होने की शिकायत की और थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। मृतक सूरज कुमार सहनी हाल ही में होली मनाने घर आया था।
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि "गलत इंजेक्शन और ओवरडोज" के कारण ही उनके बेटे की जान गई है। घटना के बाद आरोपी ग्रामीण चिकित्सक बिमलेश पासवान के फरार होने की बात कही जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तनावपूर्ण माहौल को शांत कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आने के बाद ही अगले कदम तय किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह का पता मेडिकल रिपोर्ट से चलेगा।
What's Your Reaction?

