गणतंत्र दिवस पर कोहारी के विद्यालयों में देशभक्ति की धूम, नाटकों के जरिए दिया गया सामाजिक संदेश
सबा फिरदौस
कैमूर। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बिहार के कैमूर जिले के कोहारी स्थित विद्यालयों में देशभक्ति का उत्साह चरम पर देखने को मिला। इस दौरान विद्यालय परिसरों में तिरंगा आन-बान और शान के साथ फहराया गया तथा वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।
उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोहारी में प्रधानाचार्य सोनी कुमारी ने ध्वजारोहण किया, जबकि उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कोहारी में प्रधानाचार्य अरुण कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक हरिचरन सिंह, उमेश उपाध्याय, जुनैद अख्तर और रामनारायण सिंह सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
ध्वजारोहण के पश्चात छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने मनोरंजन के साथ-साथ समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण विषयों पर लघु नाटक (नुक्कड़ नाटक) प्रस्तुत किए। इन नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए एक स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया।
इसके अलावा दहेज प्रथा, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ छात्रों की सशक्त प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध से बचाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के नियमों और ‘जन जीवन हरियाली’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। साथ ही स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की शपथ ली गई।
इस अवसर पर शिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक चेतना जागृत करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है। प्रधानाचार्यों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों और अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
What's Your Reaction?

