मुजफ्फरपुर में सड़क हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से 16 माह के बच्चे की मौत.

मुजफ्फरपुर में सड़क हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से 16 माह के बच्चे की मौत.

सालेहा वसीम 

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया। कटरा थाना क्षेत्र के चिचड़ी गांव में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 16 माह के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतक बच्चे कार्तिक कुमार (पिता संजय कुमार गुप्ता) अपने घर के पास बरामदे में बहन के साथ खेल रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हुई और बरामदे के करीब पहुंचकर बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दौड़कर वाहन चालक को रोका और पकड़कर पुलिस को सूचित किया। कुछ ही देर में कटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मृतक कार्तिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

गांव में घटना के बाद से शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी