गर्मी को लेकर IMD का बड़ा अलर्ट, कई राज्यों में लू का खतरा
सालेहा वसीम
देश में गर्मी का असर इस साल जल्दी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि मार्च से मई के बीच कई राज्यों में सामान्य से ज्यादा गर्मी और लू के दिन बढ़ सकते हैं। विभाग के अनुसार उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है
IMD के मुताबिक इस बार गर्मी के मौसम में कई हिस्सों में हीटवेव (लू) के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में आमतौर पर जितने लू के दिन होते हैं, इस बार उससे ज्यादा दिन देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में लू की स्थिति ज्यादा दिनों तक रह सकती है। इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं और तेज तापमान का असर लोगों के दैनिक जीवन पर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी का असर स्वास्थ्य, पानी की मांग और बिजली खपत पर भी पड़ सकता है। ऐसे में राज्यों को पहले से तैयारी करने की जरूरत है।
Saleha Wasim

