मैच फिक्सिंग के आरोप में पूर्व आईपीएल खिलाड़ी पर गिरी गाज, आईसीसी ने किया निलंबित

बीम10 लीग में कथित मैच फिक्सिंग के आरोपों के बाद आईसीसी ने पूर्व आईपीएल खिलाड़ी जेवोन सर्ल्स और दो अधिकारियों को अस्थायी रूप से क्रिकेट से निलंबित कर दिया है।

मैच फिक्सिंग के आरोप में पूर्व आईपीएल खिलाड़ी पर गिरी गाज, आईसीसी ने किया निलंबित

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने क्रिकेट में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर जेवोन सर्ल्स को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 2023-24 में बारबाडोस में आयोजित बीम 10 लीग से जुड़े कथित मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद की गई है।

आईसीसी और क्रिकेट वेस्टइंडीज की संयुक्त जांच में पाया गया कि इस टूर्नामेंट के दौरान मैच के परिणाम और खेल की स्थिति को प्रभावित करने की साजिश रची गई थी। इसी मामले में टाइटन्स टीम के मालिक चितरंजन राठौड़ और टीम अधिकारी ट्रेवोन ग्रिफिथ को भी निलंबित किया गया है। तीनों पर भ्रष्टाचार विरोधी नियमों के कई उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार सर्ल्स पर चार अलग अलग आरोप लगाए गए हैं, जिनमें मैच के नतीजे को प्रभावित करने की कोशिश, खिलाड़ियों को गलत गतिविधियों के लिए उकसाना और जांच में सहयोग न करना शामिल है। वहीं ग्रिफिथ पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़े नियमों के उल्लंघन का भी अतिरिक्त आरोप है। 

आईसीसी ने कहा है कि तीनों आरोपियों को 11 मार्च से 14 दिनों के भीतर इन आरोपों पर अपना जवाब देने का मौका दिया गया है। जांच पूरी होने तक तीनों को किसी भी प्रकार की क्रिकेट गतिविधि में हिस्सा लेने से रोक दिया गया है। 

गौरतलब है कि जेवोन सर्ल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए चार मैचों में हिस्सा लिया था। अब इस मामले के सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में भ्रष्टाचार को लेकर फिर से बहस तेज हो गई है।