क्राइम कंट्रोल को लेकर पटना पुलिस अलर्ट: एसएसपी की लेट नाइट मीटिंग में सख्त निर्देश
पटना में क्राइम कंट्रोल को लेकर एसएसपी की आधी रात तक मैराथन मीटिंग हुई। लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए गिरफ्तारी और कुर्की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। पर्व-त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने पर भी जोर दिया गया।
पटना: बिहार में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए पटना पुलिस ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा की अध्यक्षता में देर रात एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जो करीब पांच से छह घंटे तक चली। इस मैराथन बैठक में जिले के सभी एसपी, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक के दौरान लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने उनके शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की प्रक्रिया तेज की जाए। बैठक में अधिकारियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आने वाले पर्व-त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति भी तैयार की गई। जिन थानों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें कार्य में तेजी लाने और बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में 11 मार्च 2026 को पटना में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें फरवरी माह में दर्ज और लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अनुसूचित जाति और जनजाति अत्याचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध तथा बच्चों से जुड़े यौन अपराधों के मामलों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि गिरफ्तारी, कुर्की और जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाई जाए तथा लंबित वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता दी जाए। इसके अलावा अवैध हथियारों की बरामदगी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया।
पुलिस ने सक्रिय गश्ती बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
Saba Firdous

