वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये का सम्मान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया सम्मानित
खुशबू खातून
पटना। अंडर-19 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करने वाले बिहार के होनहार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बिहार सरकार की ओर से 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें यह सम्मान पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के संकल्प सभागार में आयोजित विशेष समारोह के दौरान प्रदान किया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और 50 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक सौंपा। कार्यक्रम में खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, परिवारजन और खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि अंडर-19 विश्व कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनकी उपलब्धि ने बिहार के खेल परिदृश्य को नई पहचान दी है और राज्य के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह को और बढ़ाया है।
बिहार सरकार द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल वैभव सूर्यवंशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना है, बल्कि राज्य के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है कि मेहनत और प्रतिभा को उचित मंच और सम्मान अवश्य मिलता है।
What's Your Reaction?

