इंदिरामाला परियोजना के मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
अरशी नाज़
कैमूर, 16 जनवरी 2026: जिला पदाधिकारी महोदय कैमूर ने आज समाहरणालय स्थित माँ मुंडेश्वरी सभागार में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और भू-अर्जन विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में जिले में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, विशेषकर भारतमाला परियोजना, की प्रगति और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करने पर चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी महोदय ने भारतमाला परियोजना के फेज-1, 2 और 3 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को सुना। उन्होंने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को स्पष्ट निदेश देते हुए कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत अधिगृहित की गई भूमि के बदले रैयतों (किसानों) को दिए जाने वाले मुआवजा भुगतान में तेजी लाएं, ताकि किसानों को समय पर उनकी राशि मिल सके और परियोजना के निर्माण में कोई देरी न हो।
जिला पदाधिकारी महोदय ने एनएचएआई, सासाराम और वाराणसी के परियोजना निदेशकों के साथ-साथ सभी संबंधित अंचल के अंचलाधिकारियों को आपसी समन्वय बेहतर करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं और विवादों को अंचलाधिकारी तुरंत सुलझाएं ताकि सिविल वर्क की गति में तेजी लाया जा सके।
मुआवजा वितरण में तेजी लाने के लिए शिविरों के माध्यम से आवेदनों का निपटारा करने का निदेश दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी (भभुआ), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता (भभुआ एवं मोहनियाँ), NHAI के परियोजना निदेशक, सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं अन्य सभी संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
What's Your Reaction?

