जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान में पोषण कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं ने प्रदर्शित किया कौशल
रेहान फ़ज़ल
कलम बक्सर। नगर के पुराना सदर अस्पताल परिसर स्थित जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को सत्र 2025-28 की प्रथम वर्ष की छात्राओं द्वारा 'पोषण कार्यक्रम' का शानदार आयोजन किया गया। संस्थान के प्रभारी प्राचार्य मो. आफताब आलम इदरीश की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य केंद्र आरएनटीसीपी (रिवाइज्ड नेशनल ट्यूबरक्लोसिस कंट्रोल प्रोग्राम) के तहत टीबी मरीजों के लिए आवश्यक पोषण रहा। छात्राओं ने न केवल विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन बनाकर अतिथियों को चखाए, बल्कि चार्ट के माध्यम से टीबी रोगियों के लिए संतुलित आहार के महत्व को भी समझाया।
मुख्य अतिथि डॉ. चतुर्वेदी ने छात्राओं से स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण से संबंधित कई कठिन सवाल पूछे, जिनका छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। उन्होंने छात्राओं को भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों के प्रति सचेत करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। इस दौरान कुमारी खुशी रानी, ज्योति पटेल, लाली कुमारी, कनक और कोमल सहित कई छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नर्सिंग ट्यूटर झब्बु राम, जागृति सिंह और हॉस्टल वार्डन नीलम सिंह मौजूद रहीं। प्राचार्य ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से प्रशिक्षु छात्राओं के ज्ञान में वृद्धि होती है, जिससे वे भविष्य में अस्पताल में मरीजों की बेहतर सेवा कर सकेंगी।
What's Your Reaction?

