नए साल में किसानों के लिए खुशखबरी, मलई बराज से सिंचाई की जगी आस

Dec 29, 2025 - 20:08
 0
नए साल में किसानों के लिए खुशखबरी, मलई बराज से सिंचाई की जगी आस

रेहान फ़ज़ल

केसठ: नए साल की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अधर में लटकी मलई बराज परियोजना अब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी है। किसानों को उम्मीद है कि वर्ष 2026 उनके लिए खुशहाली लेकर आएगा और बराज से पानी मिलने के बाद खेतों में हरियाली लौटेगी।

करीब 58.25 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई मलई बराज परियोजना पहले डिजाइन में खामी के कारण परेशानी का कारण बनी। शुरुआती निर्माण के बाद बराज का एक हिस्सा धंस गया, जिससे करीब तीन-चार वर्षों तक कार्य ठप रहा। बाद में परियोजना को नए सिरे से शुरू किया गया। पुराने पिलरों और गलत निर्माण को हटाकर दोबारा मजबूत संरचना तैयार की गई। दूसरे चरण में भी उतनी ही राशि स्वीकृत की गई।

क्षेत्र में सिंचाई की जरूरत को देखते हुए वर्ष 1986 में तत्कालीन सरकार द्वारा सिंचाई प्रमंडल नावानगर की स्थापना की गई थी। उसी समय मलई बराज का निर्माण शुरू हुआ, लेकिन राजनीतिक और सामाजिक कारणों से काम बीच में ही बंद हो गया। वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री की पहल पर परियोजना को फिर से जीवित किया गया।

मलई बराज के चालू होने से नावानगर प्रखंड के रूपसागर गांव के पास स्थित इस परियोजना के जरिए बक्सर, रोहतास और भोजपुर जिलों के हजारों एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। कैमूर पहाड़ के मंजर कुंड झील से निकलने वाली कांव नदी के पानी को बराज के माध्यम से डुमरांव रजवाहा को 110 क्यूसेक और भोजपुर रजवाहा को 90 क्यूसेक पानी देने की योजना है। इससे सूखे की समस्या से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस परियोजना को शुरू कराने के लिए किसानों ने कई बार धरना-प्रदर्शन, आंदोलन और पैदल मार्च किए। अब उनका संघर्ष रंग लाता दिख रहा है। किसान सुनील कुमार सिंह उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि यदि मलई बराज योजना चालू हो जाती है, तो यह क्षेत्र के किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगी और सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी।

वहीं, मलई बराज के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। रोहतास जिले के किसानों द्वारा गार्ड वॉल निर्माण की मांग की गई है, जिसके कारण फिलहाल पानी नहीं छोड़ा गया है। इस संबंध में प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है। गार्ड वॉल बनने के बाद जल्द ही बराज से पानी छोड़े जाने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

news@kalamlok.com हमारी वेबसाइट एक ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको देश-विदेश की ताजा खबरें, विश्लेषण, और जानकारी प्रदान करती है। हमारा उद्देश्य आपको सटीक, निष्पक्ष, और समयबद्ध जानकारी पहुंचाना है। विशेषताएं: - ताजा खबरें - विश्लेषण और समीक्षा - वीडियो न्यूज़ - फोटो गैलरी - ब्लॉग और आर्टिकल - न्यूज़ आर्काइव श्रेणियाँ: - राष्ट्रीय खबरें - अंतरराष्ट्रीय खबरें - व्यवसाय - खेल - मनोरंजन - तकनीक - नौकरी हमारी वेबसाइट पर आप: - ताजा खबरें पढ़ सकते हैं - वीडियो देख सकते हैं - फोटो गैलरी देख सकते हैं - ब्लॉग और आर्टिकल पढ़ सकते हैं - न्यूज़ आर्काइव देख सकते हैं - नौकरी की सटीक जानकारी ले सकते हैं संपर्क: ईमेल: qalamlok@gmail.com