Faridabad Gang Rape Case: कार में लिफ्ट देने के बहाने महिला से गैंगरेप, चलती गाड़ी से फेंक कर फरार
अदनान आलम
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कार में लिफ्ट देने के बहाने एक महिला के साथ गैंगरेप किया गया। आरोप है कि दो युवकों ने करीब दो घंटे तक महिला को कार में फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर घुमाया और वारदात को अंजाम देने के बाद देर रात करीब 3 बजे उसे चलती गाड़ी से फेंक कर फरार हो गए।
पीड़िता को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
मां से विवाद के बाद सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी पीड़िता
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, पीड़िता की बहन ने शिकायत में बताया कि रात करीब 8:30 बजे पीड़िता का फोन आया था। उसने बताया था कि घर में मां से कहासुनी हो गई है और वह सहेली के घर जा रही है। पीड़िता ने कहा था कि वह तीन घंटे के भीतर वापस लौट आएगी।
सवारी का इंतजार करते समय हुई वारदात
पीड़िता की बहन के मुताबिक, रात करीब 12 बजे पीड़िता कहीं जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक इको वैन वहां रुकी, जिसमें पहले से दो युवक सवार थे। आरोप है कि लिफ्ट देने के बाद दोनों युवक महिला को गुरुग्राम रोड की ओर ले गए।
फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर स्थित हनुमान मंदिर से आगे जाकर एक आरोपी वाहन चलाता रहा, जबकि दूसरे ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। बताया गया है कि करीब दो घंटे तक आरोपी वैन को अलग-अलग जगहों पर घुमाते रहे।
चलती वैन से फेंका, सिर और चेहरे पर गंभीर चोट
देर रात करीब 3 बजे आरोपियों ने महिला को चलती वैन से सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। गिरने से पीड़िता के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों के अनुसार, उसके चेहरे पर टांके लगाने पड़े हैं।
पीड़िता ने घटना के बाद अपनी बहन को फोन कर जानकारी दी। बहन मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली एम्स रेफर किया गया। फिलहाल पीड़िता का इलाज फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What's Your Reaction?

