वेनेज़ुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने संभाली अंतरिम सत्ता
मादुरो की अनुपस्थिति में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर डेल्सी रोड्रिग्ज ने वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभाली है।
शाइस्ता आज़मी
वेनेज़ुएला में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। देश की सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में सत्ता संभाल ली है। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अस्थायी अनुपस्थिति को देखते हुए अदालत ने यह फैसला लिया, ताकि देश में प्रशासनिक कामकाज और संवैधानिक व्यवस्था बाधित न हो। कोर्ट ने साफ कहा कि जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक सत्ता की जिम्मेदारी उपराष्ट्रपति को सौंपी जाएगी।डेल्सी रोड्रिग्ज मादुरो सरकार की सबसे भरोसेमंद और मजबूत नेताओं में गिनी जाती हैं। उन्हें मादुरो की ‘शेरनी’ कहा जाता है, क्योंकि वे कठिन हालात में भी सख्त फैसले लेने के लिए जानी जाती हैं।
इससे पहले वे विदेश मंत्री, उपराष्ट्रपति और आर्थिक नीतियों से जुड़े अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। तेल, वित्त और अंतरराष्ट्रीय मामलों में उनका अनुभव काफी व्यापक माना जाता है।इस फैसले के बाद वेनेज़ुएला की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि इससे देश में स्थिरता बनी रहेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है, क्योंकि वेनेज़ुएला पहले से ही आर्थिक संकट और राजनीतिक तनाव से गुजर रहा है।फिलहाल डेल्सी रोड्रिग्ज ने कहा है कि उनकी प्राथमिकता संविधान की रक्षा, सरकारी कामकाज को सुचारु रखना और देश में शांति बनाए रखना होगी। आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि यह अंतरिम व्यवस्था कितने समय तक चलेगी और मादुरो की भूमिका आगे क्या रहती है।
What's Your Reaction?

