ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मी ने जूते-टोपी उतारकर छुए धीरेंद्र शास्त्री के पैर, वीडियो से मचा बवाल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक वीडियो सामने आने के बाद सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। वीडियो में ऑन ड्यूटी एक पुलिसकर्मी, कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के पैर छूते हुए नजर आ रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि वर्दी पहने पुलिसकर्मी धीरेंद्र शास्त्री के विमान से उतरने के बाद अपनी टोपी और जूते उतारकर उनके पैर छूता है, जबकि आसपास कई अन्य लोग मौजूद रहते हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, संबंधित पुलिसकर्मी का नाम मनीष तिवारी बताया जा रहा है, जो राजनांदगांव में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मी को लाइन अटैच कर दिया है। घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि ड्यूटी के दौरान वर्दी में रहते हुए इस तरह का व्यवहार क्या नियमों के अनुरूप है। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
अब इस पूरे मामले पर पुलिस विभाग और प्रशासन की आगे की जांच और कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
What's Your Reaction?

