ड्रग तस्करी के आरोप में हैदराबाद पुलिस ने नाइजीरियाई नागरिक को भारत से किया डिपोर्ट
हैदराबाद पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नाइजीरियाई नागरिक ओबासी जेम्स विक्टर (38) को भारत से डिपोर्ट किया है। वह 2011 में टूरिस्ट वीज़ा पर भारत आया था, लेकिन वीज़ा समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहा था। टोलिचौकी इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के दौरान उसकी गिरफ्तारी हुई थी। ड्रग तस्करी की जांच में नाम सामने आने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे वापस नाइजीरिया भेजा गया।
नवीदुल हसन
हैदराबाद पुलिस ने ड्रग तस्करी के मामले में नाइजीरियाई नागरिक को भारत से किया डिपोर्ट
हैदराबाद से एक अहम खबर सामने आई है। हैदराबाद पुलिस ने विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के सहयोग से नाइजीरियाई नागरिक ओबासी जेम्स विक्टर (38) को भारत से डिपोर्ट कर दिया है। उस पर ड्रग तस्करी में शामिल होने और अवैध रूप से भारत में रहने का आरोप था।
पुलिस के अनुसार, ओबासी जेम्स विक्टर वर्ष 2011 में टूरिस्ट वीज़ा पर भारत आया था। उसका वीज़ा काफी समय पहले समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह नई दिल्ली में अपने परिवार के साथ अवैध रूप से रह रहा था। लंबे समय से वह पुलिस की निगरानी में था और हाल ही में एक ड्रग रैकेट की जांच के दौरान उसका नाम सामने आया।
हैदराबाद पुलिस ने बताया कि जेम्स को टोलिचौकी इलाके में संदिग्ध हालत में घूमते हुए पकड़ा गया। पुलिस को उस पर शक हुआ, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई। जब पुलिस ने उसका पासपोर्ट और वीज़ा दिखाने को कहा, तो दोनों ही दस्तावेज एक्सपायर पाए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ड्रग तस्करी से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान जेम्स का नाम सामने आया था। इसके बाद उस पर नजर रखी जा रही थी। पकड़े जाने के बाद उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और फिर FRRO की मदद से उसे भारत से बाहर भेजने की कार्रवाई की गई।
इस मामले पर हैदराबाद नॉर्थ ईस्ट विंग (H-NEW) के डीसीपी वैभव गायकवाड़ ने बताया कि आरोपी के पास भारत में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। कानून के तहत कार्रवाई करते हुए उसे डिपोर्ट किया गया।
हैदराबाद पुलिस का कहना है कि शहर में ड्रग तस्करी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विदेशी नागरिकों द्वारा कानून तोड़ने के मामलों में भी किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें अपने आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। इससे अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?

