बिहार में दहेज का कहर: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या में पति गिरफ्तार !
अरशी नाज़
Bihar Crime News : बिहार के कैमूर जिले से दहेज हत्या की एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोनहन थाना क्षेत्र के महुआरी गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछिला गांव निवासी चन्द्रजीत चौधरी की पुत्री प्रिति कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रिति की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व सोनहन थाना क्षेत्र के महुआरी गांव निवासी देवमुनी चौहान से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रिति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।
घटना की जानकारी देते हुए मृतका के पिता चन्द्रजीत चौधरी ने सोनहन पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्री की हत्या उसके पति द्वारा दहेज के लिए कर दी गई है। सूचना मिलते ही सोनहन थानाध्यक्ष दल-बल के साथ महुआरी गांव पहुंचे। पुलिस ने मृतका का शव उसके ससुराल स्थित कमरे के बिछावन से बरामद किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया है। वहीं मृतका की मां रिंकु देवी के लिखित आवेदन के आधार पर सोनहन थाना में कांड संख्या 14/26 के तहत दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
What's Your Reaction?

