जल संरक्षण के लिए राष्ट्रीय पहचान: कैमूर के अधिकारी मोहन कुमार सिंह बने गणतंत्र दिवस परेड के विशेष अतिथि
सबा फिरदौस
कैमूर | जिले के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब जिला परियोजना अधिकारी श्री मोहन कुमार सिंह को दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। यह सम्मान उन्हें प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ पर्यावरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, श्री सिंह को यह आमंत्रण उनके निरंतर जनहितकारी प्रयासों, प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली और समाज से जुड़कर किए गए कार्यों को देखते हुए भेजा गया है। उनकी कार्यक्षमता और समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।
इसी क्रम में श्री मोहन कुमार सिंह को ‘जल योद्धा (Water Warrior)’ के रूप में भी विशेष सम्मान दिया गया है। यह सम्मान गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, जल संरक्षण अभियानों, स्वच्छता कार्यक्रमों और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नदी स्वच्छता, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में कई प्रभावी पहल कीं। इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव यह रहा कि आम लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
श्री सिंह को मिला यह सम्मान न केवल उनके कार्यों की पहचान है, बल्कि यह जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है।
What's Your Reaction?

