कैमूर जिले में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा, स्टेट रैंक 7 प्राप्त
खुशबू खातून
कैमूर।
जिला समाहरणालय में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कार्य अत्यंत आवश्यक है। यह कार्य किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कैमूर जिले में अब तक कुल 34,078 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। शेष किसानों के पंजीकरण के लिए 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विशेष फार्मर रजिस्ट्री शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र किसान इस योजना से वंचित न रह जाए।
जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि फार्मर रजिस्ट्री के क्षेत्र में कैमूर जिले को राज्य स्तर पर 7वां स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने अंचलाधिकारी (CO), राजस्व अधिकारी (RO), प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) सहित सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना की और उनके योगदान को प्रशंसनीय बताया।
आगामी शिविरों के संबंध में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य की नियमित निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) एवं उप समाहर्ता (DCLR) द्वारा की जाएगी।
समीक्षा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे कार्य में और अधिक गति एवं उत्साह आएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे तथा सभी किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।
What's Your Reaction?

