IIT कानपुर में PhD छात्र की आत्महत्या, 23 दिनों में दूसरी घटना
रेहान फ़ज़ल
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर परिसर में एक 25 वर्षीय पीएचडी छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। छात्र ने रहायशी इमारत की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। बीते 23 दिनों में यह परिसर में आत्महत्या का दूसरा मामला बताया जा रहा है, जिससे संस्थान में चिंता का माहौल है।
मृतक की पहचान रामस्वरूप इशराम के रूप में हुई है, जो आईआईटी कानपुर के अर्थ साइंसेज विभाग में शोध छात्र था। वह अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटी के साथ परिसर स्थित न्यू एसबीआरए भवन के ए-21 अपार्टमेंट में रह रहा था। घटना के बाद छात्र को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कानपुर पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसने पहले भी काउंसलिंग करवाई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद एक बार फिर उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
What's Your Reaction?

