बुर्के के लिए एक सनकी पति ने पत्नी और दो बेटियों की कर दी हत्या। शव को 9 फीट गहरे गड्ढे में दबाया।
पश्चिमी उत्तरप्रदेश के शामली में एक सनकी पति ने बिना बुर्का के मायके जाने से नाराज होकर उसकी और अपनी दो बेटियों की हत्या कर देने की खबर आ रही है। आरोपी पति पर यह आरोप है कि उसने तीनों शवों को अपने ही घर के आंगन में 9 फीट गहरे गड्ढे खोद कर दबा दिया है। पुलिस ने खुदाई कर के तीनों शवों को बरामद कर लिया है।
शामली - उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले के कांधला थाना इलाक़े के गढ़ी दौलत गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात की ख़बर है। इस गॉंव के एक सनकी पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों की महज़ बुर्का न पहन कर मायके जाने की वजह से हत्या करदी है। आरोपी पति ने इस बात को अपनी इज़्ज़त का सवाल बना लिया और सात दिन पहले रात में इस खौफनाक घटना को अंजाम दे दिया था।
घटना का पता कैसे चला ?
शामली पुलिस के अनुसार आरोपी फारुख शादी-विवाह में खाना बनाने का काम करता है। वह अपनी बत्तीस वर्षीय पत्नी ताहिरा और पांच बच्चों के साथ गांव में ही रहता है। उसके बच्चों में आफरीन (14 वर्ष ),यासमीन (10 वर्ष), सहरीन (7 वर्ष ), बिलाल (9 वर्ष) और अरशद (5 वर्ष) शामिल हैं। फारुख का अपने माता-पिता के साथ किसी मामले की वजह से कई महीनों से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह अलग मकान में रहने लगा था।
इस घटना से पहले फारुख की पत्नी और दो बेटियां छह दिन से लापता थीं। फारुख के पिता दाउद ने फ़ारुख़ से कई बार उसकी पत्नी और बेटियों के बारे में पूछा, लेकिन वह टालमटोल करता रहा, उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी और बच्चों को शामली में किराए के मकान में रखा है। जब दाउद को संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने मंगलवार शाम पुलिस को सूचना दी और बेटे पर हत्या का शक जताया।
पुलिस ने तफ्तीश शुरू की।
पुलिस ने फारुख को हिरासत में लेकर तफ़्तीश शुरू की तो उसने यह सनसनीखेज खुलासा किया। फारुख ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अक्सर उससे झगड़ा करती थी और वह अपने तरीके से घर चलाना चाहती थी। इसके अलावा एक माह पहले वह बिना बुर्का पहने मायके चली गई थी, जिससे समाज में उसकी इज़्ज़त खराब हो गई। इसी बात से नाराज़ होकर उसने 10 दिसंबर की रात क़रीब 12 बजे रसोई में ताहिरा को गोली मार दी। जिससे उसकी मौक़े पर ही मौत हो गयी।
आरोपी ने पत्नी के बाद बेटियों को भी मार दी गोली।
हत्या के समय बड़ी बेटी आफरीन मौके पर पहुंची तो फारुख ने उसे भी गोली मार दी। दूसरी बेटी सहरीन वहां आई तो उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। तीनों की हत्या के बाद फारुख ने शवों को आंगन में शौचालय के लिए खोदे गए 9 फीट गहरे गड्ढे में दबा दिया और ऊपर ईंटों का फर्श बिछा दिया।
What's Your Reaction?

