Bihar News: भभुआ में युवक की मौत से मचा हड़कंप, एकता चौक पर शव रखकर परिजनों ने की कार्रवाई की मांग !
अरशी नाज़
Kaimur Crime News: कैमूर जिले के भभुआ शहर में युवक विशाल चौरसिया की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, परिजनों ने एकता चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया।
सोनहन–भभुआ पथ पर टेढ़वा मोड़ के पास पूरब पोखरा क्षेत्र में सड़क किनारे पानी में युवक का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शव को पानी से निकालकर सदर अस्पताल भभुआ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया।मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि विशाल की हत्या की गई है, जबकि प्रशासन इसे फिलहाल सड़क दुर्घटना का मामला बता रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त विशाल अपने एक साथी के साथ था, लेकिन हादसे के बाद उसका साथी मौके से फरार हो गया। इस बात ने पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है। परिजनों का कहना है कि यह सिर्फ हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश है।
भभुआ के डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि विशाल चौरसिया किसी निजी काम से बाइक पर कहीं जा रहे थे, इसी दौरान उनकी डेड बॉडी मिलने की सूचना मिली। मृतक के पिता राजकुमार चौरसिया ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में भी उनके एक बेटे की हत्या हुई थी, लेकिन उस मामले में आज तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका। अब दूसरे बेटे की मौत को भी साजिश बताते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की तात्कालिक मुआवजा राशि दी गई। एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि मामले में किसी की भी लापरवाही या साजिश सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार साथी की तलाश भी की जा रही है।
What's Your Reaction?

