AIIMS की स्टडी ने बढ़ाई चिंता: एक्सरसाइज करते वक्त युवाओं की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ रही है?
उफ़क साहिल
एम्स की एक ताज़ा रिसर्च ने युवाओं में अचानक हो रही मौतों को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। स्टडी के मुताबिक, कम उम्र में जान जाने की सबसे बड़ी वजह दिल से जुड़ी बीमारियां हैं। खासकर कोरोनरी आर्टरी डिजीज, जिसमें दिल की धमनियों में धीरे-धीरे ब्लॉकेज बन जाता है और खून का सही तरह से बहना रुक जाता है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कई युवा रोज़मर्रा की गतिविधियों के दौरान ही अचानक गिर पड़ते हैं—कोई सुबह टहलते वक्त, कोई डांस करते हुए तो कोई जिम में वर्कआउट करते समय। डॉक्टरों का कहना है कि ज़्यादातर मामलों में दिल की समस्या पहले से मौजूद होती है, लेकिन कोई साफ़ लक्षण नहीं दिखते, इसलिए समय रहते पता नहीं चल पाता।
विशेषज्ञ मानते हैं कि आज की तेज़ भागती ज़िंदगी युवाओं के दिल पर भारी पड़ रही है। लगातार तनाव, अनियमित लाइफस्टाइल, बाहर का तला-भुना खाना, स्मोकिंग और पूरी नींद न लेना दिल को कमज़ोर बना रहा है। ऊपर से, बिना कोई हेल्थ चेकअप कराए अचानक भारी एक्सरसाइज शुरू कर देना भी खतरे को बढ़ा देता है।
एम्स के डॉक्टरों ने युवाओं को सलाह दी है कि फिट रहने के चक्कर में लापरवाही न बरतें। समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना, खासकर हार्ट की जांच, बेहद ज़रूरी है। अगर परिवार में किसी को दिल की बीमारी रही हो तो और भी सतर्क रहने की जरूरत है। एक्सरसाइज करते वक्त अगर सीने में दर्द, चक्कर या सांस फूलने जैसी दिक्कत महसूस हो तो उसे नज़रअंदाज़ न करें।
यह स्टडी साफ कहती है कि सिर्फ फिट दिखना ही अच्छी सेहत की गारंटी नहीं है। सही समय पर जांच, संतुलित जीवनशैली और थोड़ी सी सावधानी ही युवाओं को इस खतरे से बचा सकती है।
What's Your Reaction?

