राजस्व और भूमि विवाद मामलों पर डीएम सख्त, समयबद्ध निपटारे के दिए निर्देश
अदनान आलम
कैमूर: जिला समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व, आपदा प्रबंधन और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने साफ कहा कि भूमि विवादों का त्वरित समाधान, राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और आम लोगों को समय पर सेवाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
राजस्व वसूली और म्यूटेशन मामलों की गहन समीक्षा
बैठक के दौरान जिले में राजस्व संग्रह की स्थिति और ऑनलाइन माध्यम से लगान भुगतान की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित म्यूटेशन मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तय समय-सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पर जोर
डीएम ने अंचल अधिकारी और थाना प्रभारियों की संयुक्त बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे भूमि विवाद, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है, उन पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
RTPS आवेदनों में देरी पर नाराजगी
बैठक में RTPS के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निपटारा निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में किया जाए। इसके साथ ही अंचल अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान करने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि राजस्व और भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?

