यूपी के बागपत में टोल प्लाजा बना ‘पार्टी जोन’, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
खुशबू खातून
बागपत (उत्तर प्रदेश):
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे-334B पर स्थित बालैनी टोल प्लाजा पर कुछ युवकों द्वारा खुलेआम जश्न मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि टोल प्लाजा पर कई गाड़ियां खड़ी हैं और लोग डांस, म्यूजिक और जन्मदिन का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह जश्न एक युवक के जन्मदिन के मौके पर मनाया जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ समय के लिए टोल प्लाजा का इलाका पूरी तरह पार्टी जोन में तब्दील हो गया।
इस घटना का करीब 55 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। लोगों के बीच यह सवाल उठने लगे हैं कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह कानून तोड़ने की इजाजत कैसे मिली और मौके पर पुलिस की मौजूदगी क्यों नहीं दिखी।
पुलिस जांच में जुटी
वीडियो वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि किस स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
कानून-व्यवस्था पर सवाल
यह घटना एक बार फिर से प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करती है। राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे संवेदनशील और व्यस्त मार्ग पर इस तरह की गतिविधि न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा मानी जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और प्रशासन का दावा है कि मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?

