शादी से इनकार पर महिला को मारी गई गोली
गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित एक क्लब में काम करने वाली 25 वर्षीय महिला को शादी से इनकार करने पर गोली मार दी गई। घटना 19–20 दिसंबर की रात की है। आरोपी युवक महिला पर शादी का दबाव बना रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सबा फिरदौस
गुरुग्राम के एमजी रोड पर स्थित एक क्लब में काम करने वाली 25 साल की युवती पर शादी से इनकार करने के बाद गोली चलाने की घटना सामने आई है। यह वारदात 19 और 20 दिसंबर की दरम्यानी रात को हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता कल्पना दिल्ली के नजफगढ़ की रहने वाली है और गुरुग्राम के एक क्लब में नौकरी करती है। 19 दिसंबर की रात वह रोज़ की तरह काम पर गई थी। देर रात करीब एक बजे उसने अपने पति को फोन कर बताया कि तुषार नाम के युवक ने उस पर गोली चला दी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी युवक पहले भी उनके घर आकर झगड़ा कर चुका था। पीड़िता से उसकी जान-पहचान करीब छह महीने पहले हुई थी और वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती लगातार इस रिश्ते से मना कर रही थी। इसी नाराज़गी के चलते आरोपी ने उस पर हमला किया।
जांच में सामने आया कि घटना वाली रात आरोपी अपने एक साथी के साथ क्लब पहुंचा था। वहां उसने फिर से शादी की बात कही और मना किए जाने पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
What's Your Reaction?

