कैमूर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत, डीएम ने किया सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम का उद्घाटन
सबा फिरदौस
जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला पदाधिकारी श्री नितिन कुमार सिंह ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर में सर्वजन दवा सेवन (MDA) कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की छात्राओं को डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है, जिसके उन्मूलन के लिए सभी पात्र व्यक्तियों का दवा सेवन अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जाने वाली दवाओं का निर्धारित मात्रा में सेवन करें तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए।
यह अभियान जिले में 10 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दवा खिलाएंगी। अभियान के तहत जिले के 13,01,508 लाभार्थियों को डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की दवा दी जाएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए 70 सुपरवाइजर एवं 724 टीमों की तैनाती की गई है। यह अभियान जिले के सभी 9 प्रखंडों में संचालित किया जा रहा है। दो वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लाभार्थियों को दवा दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि खाली पेट, दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुश्री दिव्या शक्ति, सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. आर. के. चौधरी सहित स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
यह अभियान जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में सरकार की एक अहम पहल है।
What's Your Reaction?

