कैमूर में नदी से मिली लाश के मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सबा फिरदौस
भभुआ थाना क्षेत्र में सुगर नदी से मिली एक व्यक्ति की लाश के मामले में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह लाश 21 नवंबर 2025 को वार्ड नंबर–15 निवासी मोहित मल्लाह की बताई गई थी।
मामले में मृतक के पुत्र लालबाबू मल्लाह के आवेदन के आधार पर भभुआ थाना में हत्या से संबंधित प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कांड दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामबचन मल्लाह को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर दूसरे आरोपी पारस बिंद, वार्ड नंबर–15 निवासी, की संलिप्तता सामने आई। सूचना की पुष्टि के बाद भभुआ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 जनवरी 2026 को आरोपी पारस बिंद को गिरफ्तार कर लिया। उसे भी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के अनुसंधान में दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा, ताकि त्वरित विचारण के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाकर पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके।
What's Your Reaction?

